Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

पानीपत में 9 करोड़ से आठ एकड़ में बनेगी अत्याधुनिक ट्रक यूनियन पार्किंग

श्िाक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और विधायक प्रमोद विज ने किया शिलान्यास

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
पानीपत के ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक यूनियन पार्किंग की आधारशिला रखते मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज व मेयर कोमल सैनी। -वाप्र
Advertisement

शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बड़े वाहनों को व्यवस्थित स्थान देने के लिए सेक्टर 25 पार्ट-2 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एक बड़ा कदम उठाया गया है। यहां लगभग 8 एकड़ जमीन पर एक अत्याधुनिक ट्रक पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिस पर करीब 9 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और पानीपत शहरी सीट से विधायक प्रमोद विज ने संयुक्त रूप से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। जो वादे जनता से किए जाते हैं, उन्हें धरातल पर पूरा किया जाता है। अब तक शहर में ट्रकों को खड़ा करने के लिए कोई उचित स्थान सुरक्षित नहीं था, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती थी, लेकिन अब इस संकट का स्थाई समाधान होगा। अब आठ एकड़ में दो स्लॉट में निर्माण होगा और एक साथ खड़े 185 बड़े ट्रक हो सकेंगे।

Advertisement

पहला पार्किंग स्लॉट 5.5 एकड़ का और दूसरा स्लॉट लगभग 3 एकड़ का होगा। पार्किंग परिसर के भीतर ही कुल 30 दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जिन्हें ट्रांसपोर्ट बुकिंग एजेंसियों को आवंटित किया जाएगा ताकि सारा कामकाज एक ही छत के नीचे हो सके। लंबे सफर से आने वाले ट्रक चालकों के विश्राम के लिए यहां आधुनिक स्नानघर, शौचालय और रसोईघर (कैंटीन) जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पूरे परिसर में बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव, मंडल अध्यक्ष चेतन तनेजा, पूर्व मंडल अध्यक्ष तरसेम गर्ग, पार्षद बिट्टू प्रजापति, अमित नारंग, रॉकी गहलोत, कमल अरोड़ा, मंडल महामंत्री कमल गोस्वामी, अरुण पसरीच मौजूद रहे।

Advertisement

वार्ड-21 में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल

मंत्री महिपाल ढांडा ने विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने वार्ड 21 स्थित डेयरी एरिया में लगभग 8 करोड़ से होने वाले ढांचागत सुधारों की शुरुआत की। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में आधुनिक सड़कों और गलियों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड 21 के निवासियों को एक और बड़ी सौगात देते हुए शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का आधुनिक स्विमिंग पूल बनाने की घोषणा की। लगभग 10 करोड़ रुपये से बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की नगर निगम स्तर की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि आगामी एक महीने के भीतर इसके टेंडर जारी कर दिए जाएंगे, जिसके तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

Advertisement
×