पानीपत ब्लाॅक समिति की उपप्रधान के खिलाफ डीसी को सौंपा प्रस्ताव
28 सदस्यों में से 19 सदस्यों ने जताया अविश्वास
पानीपत ब्लाॅक समिति के 19 सदस्यों ने शुक्रवार को उपायुक्त डाॅ. विरेंद्र कुमार दहिया से मिलकर ब्लाॅक समिति की उप प्रधान अमिता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया है। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सभी सदस्यों ने अपने-अपने शपथ पत्र भी उपायुक्त को सौंपे है। बता दें कि पानीपत ब्लाक समिति के कुल 29 सदस्य हैं लेकिन इसी माह 12 फरवरी को ब्लाक समिति के चेयरमैन दीपक राणा की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी और उनकी मौत के बाद ब्लाॅक समिति का एक पद अभी खाली है। पानीपत ब्लाॅक समिति के अब 28 सदस्यों में से 19 सदस्यों ने उप प्रधान अमिता के खिलाफ उपायुक्त को अविश्वास प्रस्ताव का पत्र एवं शपथ पत्र सौंपे है।
अमिता टॉस से चुनी गई थी उप प्रधान
ब्लाॅक समिति पानीपत के उप प्रधान का चुनाव दिसंबर 2022 में हुआ था और अमिता कुमारी के खिलाफ अब अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। ब्लाॅक समिति उप प्रधान के दिसंबर 2022 में हुए चुनाव में तीन प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें कुल 29 वोटों में अमिता व राजेंद्र जैलदार को बराबर 12-12 वोट और तीसरी प्रत्याशी पूजा निंबरी को 5 वोट मिली थी। अमिता व राजेंद्र जैलदार की बराबर-बराबर वोट रहने पर टॉस किया गया तो उसमें अमिता पानीपत ब्लाक समिति की उप प्रधान चुनी गई थी।

