हाईटेंशन लाइन पर बैठे कबूतर को उड़ाने की कोशिश में बच्चे की मौत
शाहाबाद की लक्की कालोनी में दर्दनाक हादसा
शाहाबाद की लक्की कालोनी में शनिवार देर सायं एक दर्दनाक हादसा हो गया जब 66 केवी बिजली की लाइन पर बैठे कबूतर को उड़ाने की कोशिश में 11 वर्षीय एक बच्चे की जान चली गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार लक्की कालोनी में रूबीना खान के घर के साथ 66 केवी की हाईटेंशन तार गुजर रही है। देर सायं नन्हा बच्चा केशव, रूबीना खान के घर की छत पर चढ़ गया। उसने देखा कि हाईटेंशन तार पर कबूतर बैठा है। तार पर बैठे कबूतर को उड़ाने के चक्कर में बच्चे ने पर्दा लटकाने वाली लोहे की रॉड उठाई और हाईटेंशन तार पर वार कर दिया। इसी के साथ जोरदार धमाका हुआ और बच्चा धू-धू कर जलने लगा।
मौहल्लावासियों ने धमाके की सूचना बिजली बोर्ड में दी और बिजली सप्लाई बंद करवाई। बड़ी संख्या में मौहल्ले के लोग छत पर भागे तो देखा कि केशव जल रहा था। लोगों ने केशव को अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने केशव को मृत घोषित कर दिया। मौहल्लावासियों ने बताया कि धमाका इतना भयंकर था कि आस पास की कई दुकानों के शटर फट गए और बिजली के उपकरण जल गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरूक्षेत्र भेज दिया। वहीं मौहल्ले के लोगों और प्रतयक्षदर्शियों ने कहा कि लक्की कालोनी में आबादी के बीच से जा रही इस हाईटेंशन तारों के कारण पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने मांग की है कि इन हाईटेंशन तारों को यहां से हटाया जाए ताकि और कोई हादसा न हो।
वहीं करीब 12 वर्षीय बच्ची अलीशा ने कहा कि ट्यूशन से घर आते ही वह बैग रखकर छत पर गई और देखा कि केशव बुरी तरह से जल रहा था और बुरी तरह से चीख रहा था। यह देखकर अलीशा भी बेसुध हो गई।

