स्कूल से लौट रहे 9 साल के मासूम को कुत्तों ने बुरी तरह नोचा, अस्पताल में भर्ती
खौफनाक मंजर : 5 मिनट तक शरीर के कई हिस्सों से मांस नोचते रहे
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव रामपुरा ढिल्लों में आवारा कुत्तों के आतंक ने एक मासूम की जान जोखिम में डाल दी है। शनिवार को राजकीय प्राथमिक स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे 9 वर्षीय कर्ण पर कुत्तों के एक झुंड ने हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 5 मिनट तक कुत्ते बच्चे को बेरहमी से नोचते रहे, जिससे पूरा शरीर लहूलुहान हो गया। बच्चे के हाथ, मुंह, पैर, सीना, जांघ, गर्दन और सिर पर गहरे घाव हैं। शरीर के कई हिस्सों से कुत्तों ने मांस तक नोच लिया है। साथ चल रहे अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर दौड़े और कुत्तों को भगाकर किसी तरह कर्ण की जान बचाई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को सिरसा के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, ये कुत्ते पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है।
सरपंच बोले- हड्डारोड़ी के पास जमा हैं 50 आदमखोर कुत्ते
सरपंच रविल सिंवर ने इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही और स्कूल के पास स्थित हड्डारोड़ी को जिम्मेदार ठहराया। सरपंच ने बताया कि स्कूल के पास बनी हड्डारोड़ी पर 40 से 50 खूंखार कुत्ते डेरा डाले रहते हैं। मांस खाने के आदि हो चुके ये कुत्ते अब आदमखोर साबित हो रहे हैं। सरपंच ने कहा कि सोमवार को डीसी से मिलकर कुत्तों को वहां से हटाने की मांग करेंगे।
शाहाबाद में रोज 10 लोग कुत्तों का शिकार बन रहे
शाहाबाद मारकंडा (निस) : शाहाबाद और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। गलियों, बाजारों और चौकों पर घूम रहे आक्रामक कुत्ते रोजाना औसतन 10 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। गुरुनानकपुरा और हुडा क्षेत्रों में कुत्तों के कारण परिवार के कई सदस्य घायल हो चुके हैं। आलम यह है कि अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की कतारें लंबी होती जा रही हैं। सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कुलदीप ने बताया कि प्रतिदिन 10 मामले डॉग बाइट के आ रहे हैं। नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. गुलशन क्वात्रा ने कहा कि कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर मुक्ति दिलाई जाएगी।

