तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन 335 की जांच
हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सफाई कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। चेयरमैन कृष्ण...
हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सफाई कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। चेयरमैन कृष्ण कुमार बुधवार को हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से सेक्टर-16 के पोलिक्लिनिक में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर में सफाई कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। बुधवार सुबह नौ से दोपहर बाद तीन बजे तक चले शिविर में 335 मरीजों की जांच की गई। सभी के एचबी और ब्लड शुगर की जांच की गई। डॉक्टर नीरू बाला, डाॅ. पंकज, डाॅ. जतिन, डाॅ. राहुल, डाॅ. मनोज रंगा, डाॅ. नवनीत, डॉ. पुनीत और डाॅ. श्वेता ने सफाई कर्मचारियों की जांच की। चेयरमैन कृष्ण कुमार ने बताया कि आयोग की ओर से इससे पहले पांच अन्य जिलाें में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी भविष्य में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। चेयरमैन ने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता अभियान की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर आयोग पूरी तरह से सजग है।

