गेहूं के एमएसपी में 25 पैसे की बढ़ोतरी को लेकर सांसद जयप्रकाश ने सवाल उठाए और कहा कि गेहूं के एमएसपी में महज 25 पैसे की बढ़ोतरी करना किसानों के साथ बड़ा जुल्म है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए। सरकार को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। शुक्रवार को हिसार लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश उचाना स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे अौर यह बात कही। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। सांसद जयप्रकाश ने एसआईआर के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई दिनों से इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर है। सांसद ने कहा कि वह सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का धन्यवाद करना चाहते हैं। जिन्होंने एक वर्ष पहले ही मेहनत कर अपनी टीम तैयार की और कथित वोट चोरी के मामले को उजागर करने में अहम
भूमिका निभाई।
पंजाब से पानी का हक लेकर आएं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के पंजाब दौरे को लेकर सांसद जयप्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री हर रोज पंजाब में रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से हमेशा एक ही बात कहते हैं कि पंजाब से हमारा पानी का हक लेकर आएं। सांसद ने कहा कि एसवाईएल का पानी पंजाब सरकार रोक रही है। हरियाणा को अपने हिस्से का पानी मिलना चाहिए।

