24 करोड़ खर्च करके मिलेगा गंदगी से छुटकारा
पूर्व विधायक ने बाहरी कॉलोनियों में किया सीवरेज पाइपलाइन का शिलान्यास
करीब तीन साल पहले नगर परिषद् में शामिल की गई बाहरी कालोनियों में सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू हो गया है। इससे गंदे पानी के जलभराव से जूझ रहे स्वामीनगर, हंस कॉलोनी, कीर्तिनगर, आजाद नगर व हरनाम कॉलोनी को लोगों को गंदगी से छुटकारा मिलेगा। उपरोक्त कालोनियों के नागरिक काफी समय से उनके मोहल्लों में सीवरेज लाइन बिछाने की मांग कर रहे थे।
बृहस्पतिवार को शहर की बाहरी कॉलोनियों में सीवरेज पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ पूर्व विधायक दूड़ाराम ने नारियल फोड़कर किया। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह योजना हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, आजाद नगर, कीर्ति कॉलोनी और हरनाम सिंह कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों परिवारों को स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक शहरी व्यवस्था से जोड़ेगी।
पूर्व विधायक दूड़ाराम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार राज्य के ढांचागत सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में नगर पार्षद पंछी राम, रवि मेहता, जानी राम तथा नीलांशी शर्मा, एक्सईएन बलविंदर नैन, मुकेश जागलान, वाइस चेयरमैन नगर परिषद सविता टूटेजा सहित अनेक मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।

