नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 8 और 10 के निवासियों के लिए शुक्रवार का दिन विकास की नई सौगात लेकर आया। स्थानीय विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और मेयर सुमन बहमनी ने संयुक्त रूप से 1 करोड़ 50 लाख 4 हजार रुपये की लागत से होने वाले 3 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। शिलान्यास कार्यक्रमों की श्रृंखला में 3 प्रमुख परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ। इनमें वार्ड 8 के मॉडल टाउन पार्क का 31.04 लाख रुपये से सोसायटी ग्राउंड पार्क का नवीनीकरण होगा। इसमें नई टाइलें, बैठने की बेहतर व्यवस्था, हरियाली और आधुनिक लाइटिंग की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गोविंदपुरी रोड से हुडा मोड़ तक 72.35 लाख रुपये से सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट से वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और यातायात सुगम बनेगा।वार्ड 10 के गांधी मार्केट क्षेत्र में गुप्ता ट्रेडिंग से सिटी सेंटर तक नाले के निर्माण और मार्केट में इंटरलॉकिंग टाइल लगाने पर 46.65 लाख खर्च होंगे। इससे व्यापारिक क्षेत्र में जल निकासी मजबूत होगी। विधायक और मेयर ने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इस अवसर पर पार्षद विभोर पाहुजा, पार्षद किरण यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़, मनोज धीमान, अनिल उप्पल, कृष्ण सिंगला, पवन प्रताप यादव, संदीप बजाज, भंवर जोत सिंह, अतुल ग्रोवर, ममता सेन व महेंद्र मित्तल मौजूद रहे।