केंद्र सरकार के खिलाफ कुल्लू में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
पेपर लीक, चंदा चोरी मामले में अमित शाह का मांगा इस्तीफा
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला मुख्यालय ढालपुर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और चंदा चोरी मामले में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन ने किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह का पुतला भी जलाया गया और जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेता तरुण ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है और देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया था। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान पर भी नाराजगी जतायी गयी। प्रदर्शन के अंत में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार से युवाओं के हितों की रक्षा करने, पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की। इस प्रदर्शन में हिमाचल युवा कांग्रेस के सह प्रभारी ज्योतिष एचएम और जिला कुल्लू के प्रभारी तरुण ठाकुर विशेष तौर पर मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी ज्योतीश ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे।
छात्र संघ चुनावों को बहाल करने की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कुल्लू इकाई ने भारी फीस वृद्धि तथा अन्य छात्र हितों से जुड़ी प्रदेश स्तरीय विभिन्न मांगों को लेकर कुल्लू महाविद्यालय व जिला स्तर पर प्रदर्शन कर रोष जताया है। एबीवीपी ने विश्वविद्यालयों में बढ़ाई गई फीस का विरोध करते हुए फीस कम करने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई गई। इकाई उपाध्यक्ष अरमान ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो एबीवीपी प्रदेशभर में आंदोलन को तेज करेगी।

