नाथपा-झाकड़ी में गणतंत्र गौरव, ऊर्जा उपलब्धियों के साथ लहराया तिरंगा
देश की सबसे बड़ी 1500 मेगावाट क्षमता वाली भूमिगत नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा, राष्ट्रभक्ति और उपलब्धियों के उत्साह के साथ मनाया गया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने तिरंगा फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण...
देश की सबसे बड़ी 1500 मेगावाट क्षमता वाली भूमिगत नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा, राष्ट्रभक्ति और उपलब्धियों के उत्साह के साथ मनाया गया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने तिरंगा फहराकर समारोह का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के उपरांत देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों को नमन किया गया। परियोजना के निर्माण और संचालन में योगदान देने वाले कर्मचारियों के समर्पण और परिश्रम को भी सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में राजीव कपूर ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान के लागू होने के साथ नागरिकों को उनके मूल अधिकार प्राप्त हुए और यह दिन भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को याद करने और उन्हें निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
उन्होंने बताया कि देश के चहुंमुखी विकास में विद्युत क्षेत्र की भूमिका निर्णायक है और नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। परियोजना ने 18 जनवरी 2026 को दूसरी सबसे तेज 7000 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया, जिससे 26 जनवरी 2025 को स्थापित पिछला रिकॉर्ड पीछे छूट गया।
इसके अलावा नवंबर 2025 में स्टेशन ने 331.214 मिलियन यूनिट का दूसरा सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया, जो वर्ष 2011-12 के रिकॉर्ड से अधिक है। हालांकि नवंबर माह में अब तक का सर्वोच्च उत्पादन 408.909 मिलियन यूनिट वर्ष 2010-11 में दर्ज किया गया था।
परियोजना ने 29 नवंबर 2025 को 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य भी हासिल किया, जिससे 1 दिसंबर 2024 को बना रिकॉर्ड पार हो गया।
समारोह में निगम की अन्य परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी दी गई। निगम की सबसे बड़ी 1000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना ने 24 दिसंबर 2025 को कमर्शियल ऑपरेशन डेट प्राप्त कर ली है, जिससे प्रतिवर्ष 2455 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन होगा। वहीं 1320 मेगावाट बक्सर थर्मल परियोजना की पहली 660 मेगावाट यूनिट ने 14 नवंबर 2025 को सीओडी हासिल की, जिसका उद्घाटन 22 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
कार्यक्रम के अंत में परियोजना प्रमुख ने नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन झाकड़ी की उपलब्धियों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार, राज्य की अन्य एजेंसियों, विद्युत मंत्रालय और प्रबंधन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

