भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने बुधवार को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के मैदान में आयोजित एयर शो में अपनी अद्भुत क्षमता और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन कर हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हिमाचल प्रदेश में पहली बार आयोजित इस शो का साक्षी बनकर दर्शकों ने गौरव का अनुभव किया।
सूर्य किरण टीम के 9 हॉक एमके-132 जेट विमान ने करीब 10:50 बजे सुजानपुर के आसमान में एक साथ उड़ान भरी। दर्शकों ने जोरदार
तालियों के साथ इन वीर पायलटों का स्वागत किया। विमान ने अलग-अलग और ग्रुप फॉर्मेशन में डायमंड, तीर, हृदय, डीएनए सहित कई आकर्षक आकृतियां बनाई। सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब आसमान में राष्ट्रीय ध्वज के रंग बिखेरे गए।
टीम की स्क्वॉड्रन लीडर कंवल संधू ने एयर शो की जानकारी और पायलटों का परिचय प्रभावशाली तरीके से दर्शकों को दिया। स्क्वॉड्रन लीडर संजय सिंह ने ग्राउंड ड्यूटी संभालते हुए पायलटों के साथ समन्वय सुनिश्चित किया। एयर शो लगभग 30 मिनट तक चला, जिसमें विशेषकर बच्चों ने आनंद उठाया और भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं से प्रभावित हुए।
इससे पहले, सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य और वरिष्ठ वायु सेना अधिकारी कैप्टन रचना जोशी ने विधायक कैप्टन रंजीत सिंह, डीसी गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा एयर शो के प्रबंधों की जानकारी दी।

