Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

हमीरपुर में बनेगा अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।
Advertisement
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को शिमला में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने इस सेंटर में 11 नये विभागों की स्थापना और विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पदों का सृजन कर भरने को भी मंजूरी प्रदान की।

मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य अवसंरचना को सदृढ़ करने के उद्देश्य से एम्स अस्पताल, बिलासपुर परिसर में 8 अतिरिक्त ब्लॉक के निर्माण की भी अनुमति दी है।

Advertisement

सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर नीति में संशोधन को भी मंजूरी प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत 66.66 प्रतिशत कोटा इन-सर्विस जीडीओ/ एमओ के लिए और 33.33 प्रतिशत सीटें डायरेक्ट अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित की गई हैं। पात्र अभ्यर्थियों की अनुपलब्धता की स्थिति में सीटों काे इंटरचेंज भी किया जा सकेगा।

Advertisement

मंत्रिमंडल ने एक अन्य फैसले में सहायक स्टाफ नर्स पद से संबंधित नीति के प्रावधानों में संशोधन को स्वीकृति दी। संशोधित प्रावधानों के अंतर्गत आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि एससी/ एसटी एवं अन्य पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी। इससे पूर्व आयु सीमा 21 से 32 वर्ष निर्धारित की गई थी।

धर्मशाला के पास बनेगी एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन

कांगड़ा जिले में धर्मशाला के समीप एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बनेगी। क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के लिए यह आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी। मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल ने 7.41 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली इस 4.3 किलोमीटर लंबी नड्डी जिपलाइन परियोजना के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की।

अन्य प्रमुख फैसले

- हिमाचल प्रदेश औद्योगिक निवेश नीति, 2019 को 31 मार्च, 2026 तक बढ़ाने की मंजूरी।

- एलायंस एयर एविएशन को दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला मार्ग पर पूरे सप्ताह 46 सीटर विमान संचालन की अनुमति।

- शिमला में नये आइस स्केटिंग रिंक का होगा निर्माण।

Advertisement
×