Shimla Zila Parishad : शिमला जिला परिषद सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में भारी हंगामा, पुलिस व कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
पायुक्त अनुपम कश्यप ने 25 नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई शपथ, भाजपा ने सरकार पर पुलिस बल प्रयोग का लगाया आरोप
Shimla Zila Parishad : शिमला के बचत भवन के सभागार में शुक्रवार को नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कड़े सुरक्षा प्रबंधों और तनावपूर्ण माहौल के बीच सभी 25 वार्डों के नव निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे सदस्यों के परिजनों को प्रशासन द्वारा हॉल से बाहर निकाले जाने पर स्थिति बिगड़ गई। देखते ही देखते प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस, परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही।
परिजनों को बाहर करने पर भड़के लोग
समारोह स्थल पर उस समय अचानक माहौल गर्मा गया, जब प्रशासन ने नवनिर्वाचित सदस्यों के परिजनों को हॉल से बाहर जाने का निर्देश दिया। परिजनों और भाजपा समर्थकों ने इस कदम का कड़ा विरोध किया। तनाव इतना बढ़ गया कि पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। इसी गहमागहमी के बीच सदस्यों ने अपनी शपथ ग्रहण की। इनमें वार्ड 1 त्यावल ज्यूरी से कुमारी अनुराधा, वार्ड 2 झाकड़ी से कुमारी ममता, वार्ड 3 नरैण से रॉनी, वार्ड 4 बगलती से रानु देवी, वार्ड 5 सीमा रणटाड़ी से सुरेंद्र रेटका, वार्ड 6 क्वार से मनजीत सिंह, वार्ड 7 खशधार से धर्मेंद्र सिंह, वार्ड 8 भलूण से कल्पना देवी, वार्ड 9 टिककर से भरत सिंह कलांटा और वार्ड 10 सरस्वती नगर से कुमारी नेहा मेहता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इन सदस्यों ने भी ली पद की शपथ
बढ़ते हंगामे के बीच शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई। वार्ड 11 बढ़ाल से मीनाक्षी, वार्ड 12 कलबोग से रेखा चौहान, वार्ड 13 चडोली से कुमारी मन्नत तेगवान, वार्ड 14 चन्दलोग नेरूवा से भोपेंद्र, वार्ड 15 गोरली मड़ावग से अतुल शर्मा, वार्ड 16 घोड़ना से सुरेंद्र कुमार, वार्ड 17 टियाली से कुमारी नेहा जगटा, वार्ड 18 क्यार से आशा कंवर, वार्ड 19 चमियाना से खुश विक्रम सेन, वार्ड 20 बल्देंया से ओम प्रकाश, वार्ड 21 बढ़ई से प्रियंका तनवर, वार्ड 22 हलोग धामी से अनीता देवी, वार्ड 23 खटनोल से कुमारी प्रभा उर्फ शिवानी, वार्ड 24 कुमारसैन से तारा देवी और वार्ड 25 भुटटी से संदीप को उपायुक्त ने जिला परिषद सदस्य के रूप में शपथ दिलाई।
भाजपा ने की कड़ी निंदा, सरकार पर साधा निशाना
शपथ ग्रहण समारोह में परिजनों को बाहर निकालने और पुलिस बल प्रयोग की प्रदेश भाजपा ने कड़े शब्दों में निंदा की है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता गणेश दत्त ने इस घटना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब चुने हुए प्रतिनिधियों के परिवारों को समारोह से बाहर निकाला गया हो। उन्होंने प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे पहले भी शपथ समारोह होते आए हैं, लेकिन ऐसा व्यवहार कभी नहीं देखा गया। उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए पूछा कि आखिर सुख्खू सरकार गुप्त रूप से शपथ ग्रहण क्यों करवाना चाहती है। भाजपा ने सरकार व मुख्यमंत्री को संयम बरतने और हार सहर्ष स्वीकार करने की नसीहत देते हुए कहा कि बचे हुए समय में सरकार को ऐसे कई और झटके मिलेंगे, जिसके लिए उसे तैयार रहना चाहिए।
