Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

हथकड़ी लगाकर जेल भेज दो, डराने से नहीं झुकेंगे; राजेंद्र राणा ने पुलिस-प्रशासन की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

भाजपा ने सुजानपुर थाने का किया घेराव, राजेंद्र राणा बोले- भाजपा नेताओं की आवाज दबाने के लिए एफआईआर का दुरुपयोग कर रही सरकार

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Himachal Pradesh News : भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सुजानपुर पुलिस थाने का घेराव करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पुलिस और प्रशासन के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार भाजपा नेताओं की आवाज दबाने के लिए एफआईआर को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

राणा ने कहा कि यदि सरकार को लगता है कि उन्होंने कोई अपराध किया है तो उन्हें हथकड़ी लगाकर जेल भेज दिया जाए, लेकिन केवल एफआईआर का डर दिखाकर भाजपा नेताओं को चुप कराने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने पर महज 12 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज हो जाती है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध शिकायतों पर उसी प्रकार की तत्परता नहीं दिखाई जाती।

Advertisement

उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए और पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष तथा कानून के अनुरूप होनी चाहिए। यदि राजनीतिक विचारधारा के आधार पर कार्रवाई होगी तो इससे पुलिस और प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगेंगे। राणा ने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने के बाद से मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार लगातार उन्हें निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से मुख्यमंत्री को संतोष मिलता है तो सरकार और भी मामले दर्ज कर सकती है, लेकिन भाजपा न तो डरने वाली है, न झुकने वाली है और न ही सरकार की नीतियों तथा कार्यशैली को जनता के सामने रखने से पीछे हटेगी। थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष प्रशासन और कानून के समान अनुपालन की मांग की। राणा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का हर प्रयास जनता के हितों के विरुद्ध है और भाजपा इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।

Advertisement
×