Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Sarkaghat Murder : सरकाघाट में खौफनाक वारदात, कॉेलेज जा रही छात्रा की गला रेतकर हत्या

ग्रामीणों ने आरोपी को झाड़ियों से दबोचा, आरोपी ने किया था घात लगाकर हमला

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement
Sarkaghat Murder : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां गोपालपुर के पास कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की एक युवक ने तेजधार हथियार (दराट) से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर दूर एक नाले से दबोच लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतका की पहचान 19 वर्षीय शिया गुलेरिया, निवासी गांव नैण (गोपालपुर) के रूप में हुई है। शिया सरकाघाट डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और एसएफआई की सक्रिय कार्यकर्ता भी थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह कॉलेज जाने के लिए घर से पैदल निकली थी। गोपालपुर बस स्टॉप से करीब एक किलोमीटर पहले, हुड पहनकर घात लगाए बैठे आरोपी विकास उर्फ रिशु ने अचानक शिया पर हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि छात्रा को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Advertisement

ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी

वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही चीख-पुकार मची, आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आरोपी का पीछा शुरू किया। ग्रामीणों ने आरोपी विकास को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर झाड़ियों के बीच एक नाले में छिपा हुआ पाया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी रिशु नशे का आदी है और 'चिट्टे' का सेवन करता था। हालांकि, हत्या के पीछे के असल कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Advertisement

बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सियासत गरमाई

घटना की सूचना मिलते ही नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने दोषी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर सख्त सजा की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच

मंडी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल दराट भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एसपी ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। मृतका के पिता सोलन के बद्दी में ट्रक चालक हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम व दहशत का माहौल है।

Advertisement
×