राजस्व मंत्री नेगी ने लिया निर्माण कार्यों का जायज़ा
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को किन्नौर जिला के अपने एक दिवसीय तूफानी दौरे के दौरान निचार उपमंडल के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार का दौरा किया और विद्यालय में चल...
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को किन्नौर जिला के अपने एक दिवसीय तूफानी दौरे के दौरान निचार उपमंडल के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार का दौरा किया और विद्यालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के अध्यापकों के साथ बैठक की और विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही गुणवत्तायुक्त शिक्षा को और सुदृढ़ करने बारे गहनता के साथ विचार-विमर्श किया। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए और जल शक्ति विभाग को सीवरेज प्रणाली को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के आवास में रह रहे बच्चों से सीधा संवाद भी स्थापित किया, उन्हें मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया व विद्यार्थियों से उन्हें मिल रही सुविधाओं को और अधिक बेहतर करने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। कैबिनेट मंत्री ने निगुलसरी सराय भवन में दुर्गम रूपी पंचायत के लोगों से भेंट की और लोगों ने राजस्व मंत्री का शिगारचा को नई पंचायत बनाने के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।

