नाहन में संकरी सड़क और खड़ी ढाल से मिलेगी राहत, पीजी कॉलेज तक बनेगा पैदल पथ
जीरो प्वाइंट से बरोजा फैक्ट्री तक प्रस्तावित मार्ग में ड्रेनेज कवर, ब्लैक स्पॉट सुधार और सुरक्षित बस स्टॉप की योजना
Nahan Pedestrian Path : नाहन में संकरी सड़क और खड़ी ढाल के बीच पैदल चलने की मजबूरी से जल्द राहत मिल सकती है। नाहन से डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तक करीब चार किलोमीटर लंबा पैदल पथ बनाने की योजना पर कवायद तेज हो गई है। एनएच-907ए के इस हिस्से में पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है।
मंगलवार को विधायक अजय सोलंकी ने नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग का साइट निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क को सुरक्षित बनाने, पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था सुधारने पर चर्चा हुई।
ड्रेनेज लाइन को कवर कर बढ़ाई जाएगी सड़क की उपयोगी चौड़ाई
योजना के तहत जीरो प्वाइंट से करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में मोहल्ला गोबिंदगढ़, यशवंत चौक, आईटीआई, कार्मेल स्कूल और बरोजा फैक्ट्री तक पैदल पथ बनाने का प्रस्ताव है। सड़क के पहाड़ी हिस्से में मौजूद ड्रेनेज लाइन को स्टील ग्रिल से कवर करने की भी योजना है। इससे सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़ाने में मदद मिलेगी। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट में सुधार और बस स्टॉप को सुरक्षित व व्यवस्थित करने का प्रस्ताव भी इसमें शामिल है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि आम लोगों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद, स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के साथ योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि इस मार्ग पर पैदल चलने वालों को सुरक्षित सुविधा मिल सके और हादसों का खतरा कम किया जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बजट को लेकर कोई समस्या नहीं है। स्वीकृति मिलने के बाद योजना को जल्द अमलीजामा पहनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

