रामपुर जल विद्युत स्टेशन बायल ने तलाई-भद्राश में शुरू किया स्वच्छ फूड स्ट्रीट अभियान
अब चाट-पकौड़ी के साथ मिलेगी स्वच्छता की गारंटी
बिजली मंत्रालय और मुख्य कार्यालय के निर्देश पर रामपुर जल विद्युत स्टेशन (412 मेगावाट) बायल द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान- 2026 के तहत एक अनोखी पहल की गई।
परियोजना प्रमुख अभियंता विकास मारवाह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 के किनारे तलाई और भद्राश में स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए स्वच्छ फूड स्ट्रीट कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ठेले वालों को मिला स्वच्छता किट
कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे खाने-पीने का सामान बेचने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। परियोजना की ओर से उन्हें स्वच्छता किट, साफ पीने के पानी के लिए कैंपर और सूखा-गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए दो अलग-अलग कूड़ेदान दिए गए।
इस पहल का मकसद सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि लोगों को साफ-सुथरा और सेहतमंद खाना मिले, यह सुनिश्चित करना है। विक्रेताओं को निजी सफाई, अपने ठेले और आसपास की सफाई और कचरे को सही जगह ठिकाने लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
परियोजना प्रमुख की अपील
इस मौके पर परियोजना प्रमुख ईर. विकास मारवाह ने विक्रेताओं और आम लोगों से अपील की कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, कचरे को सही तरीके से ठिकाने लगाएं और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ और प्लास्टिक मुक्त रखें।
उन्होंने कहा कि जब तक सब लोग मिलकर साथ नहीं देंगे, तब तक सफाई के क्षेत्र में दिखने वाला बदलाव नहीं आ सकता। जन भागीदारी ही स्वच्छता की असली ताकत है।

