हिमाचल से राज्यसभा के लिए नामांकन : कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा के पास 15.67 करोड़ की संपत्ति
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार अनुराग शर्मा करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ दिए गए शपथ पत्र (हलफनामे) में उन्होंने अपनी वित्तीय स्थिति और पारिवारिक...
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार अनुराग शर्मा करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ दिए गए शपथ पत्र (हलफनामे) में उन्होंने अपनी वित्तीय स्थिति और पारिवारिक संपत्ति का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया है। आंकड़ों के मुताबिक, अनुराग शर्मा और उनकी पत्नी सपना शर्मा के पास कुल मिलाकर 15.67 करोड़ रुपये की जायदाद है।
शपथ पत्र के अनुसार, अनुराग शर्मा के नाम पर 14,61,21,125 रुपये की संपत्ति दर्ज है, जबकि उनकी पत्नी सपना शर्मा के पास 1,05,30,375 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। दिलचस्प बात यह है कि हलफनामे में बच्चों के नाम पर किसी भी तरह की संपत्ति का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। नकदी की बात करें तो अनुराग शर्मा के पास 4 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 18 हजार रुपये हैं, जबकि परिवार की साझा संपत्ति के रूप में 1.50 लाख रुपये दर्शाए गए हैं।
अनुराग शर्मा न केवल राजनीति बल्कि व्यवसाय के क्षेत्र में भी बड़े खिलाड़ी हैं। उनके हलफनामे से पता चलता है कि उनके पास 23.64 करोड़ रुपये के सरकारी ठेके हैं। हालांकि, करोड़ों की संपत्ति के साथ-साथ उन पर देनदारी भी कम नहीं है। दस्तावेजों के मुताबिक, उन पर कुल 48,85,659 रुपये का कर्ज है। यह ऋण उन्होंने एचडीएफसी बैंक, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक और हिमाचल ग्रामीण बैंक से लिया है। उनकी आर्थिक मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके पास व्यावसायिक निवेश और ठेकेदारी का एक बड़ा पोर्टफोलियो है। अनुराग शर्मा के पास वाहनों का एक बड़ा काफिला है, जिसमें लग्जरी और कमर्शियल दोनों तरह के वाहन शामिल हैं। उनके पास 5 निजी गाड़ियां हैं, जिनकी वर्तमान कीमत लगभग 28.17 लाख रुपये आंकी गई है। परिवहन व्यवसाय में उनकी गहरी पैठ का अंदाजा इससे मिलता है कि उनके पास 13 बसों सहित कुल 30 कमर्शियल वाहन हैं। इन व्यावसायिक वाहनों की कुल कीमत 1,74,42,250 रुपये दर्शाई गई है। अनुराग शर्मा ने कांगड़ा के बैजनाथ कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।

