कुल्लू कार खाई में गिरी, 4 युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार तड़के एक कार गहरी खाई में गिरने से एक ही गांव के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान राहुल, बाल कृष्ण, गुंजन...
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार तड़के एक कार गहरी खाई में गिरने से एक ही गांव के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान राहुल, बाल कृष्ण, गुंजन और विवेक राणा के रूप में हुई है। चारों गांव जाबो के रहने वाले थे। हादसे में घायल सुरेश कुमार भी इसी गांव के हैं।
बताया जा रहा है कि पांचों युवक शादी समारोह से वापस आ रहे थे। इसी दौरान तड़के करीब 3 बजे हरिपुर-नागन सड़क पर निगान और निमला के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग- 305 पर हादसा हो गया। उनकी हुंडई एक्सटर गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायल सुरेश को नागरिक अस्पताल आनी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए रामपुर अस्पताल भेज दिया गया।
आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत जाबो-कराणा के प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चार युवाओं की मौत से पूरे जाबो-कराणा क्षेत्र में शोक की लहर है। कुल्लू के अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौर ने हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये और घायल के परिवार को 5 हजार रुपये की तुरंत सहायता राशि जारी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

