Himachal Weather : हिमाचल में अप्रैल में 'दिसंबर' वाली ठंड: मनाली-कुफरी में बर्फबारी, लाहौल में 26 सड़कें बंद; 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
लाहौल-स्पीति में 26 सड़कें बंद, भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; पर्यटन कारोबारियों के खिले चेहरे
Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में भी मौसम के मिजाज पूरी तरह बदल गए हैं। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले तीन दिनों से बर्फबारी का दौर जारी है। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मनाली, अटल टनल रोहतांग, कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में बुधवार सुबह से रुक-रुक कर हल्का हिमपात हो रहा है, जबकि राजधानी शिमला सहित मैदानी इलाकों में बीती रात से बारिश हो रही है। इस बेमौसम बर्फबारी ने जहां पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिला दिए हैं, वहीं जनजीवन और यातायात पर इसका व्यापक असर पड़ा है।
ताजा हिमपात के कारण जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में 26 मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। रोहतांग दर्रे से कोकसर तक का मार्ग पूरी तरह ठप है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक केवल सीमित समय के लिए वाहनों को अनुमति दी जा रही है। दारचा से सरचू मार्ग बंद है, जबकि शिंकुला पास मार्ग पर केवल स्नो चेन वाले 4x4 वाहनों को ही जाने की अनुमति है। ग्रांफू-बाथल मार्ग बंद होने से स्पीति क्षेत्र का संपर्क फिलहाल कटा हुआ है।
चंबा में टला बड़ा हादसा, सिरमौर के किसान चिंतित
बर्फबारी के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चंबा जिले के भरमौर में बारिश के चलते एक एचआरटीसी (HRTC) बस का टायर स्लिप होकर डंगे से नीचे खिसक गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से दर्जनों यात्रियों की जान बच गई। दूसरी ओर, सिरमौर जिले में हो रही व्यापक वर्षा ने गेहूं और स्ट्रॉबेरी उत्पादकों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि और बारिश से तैयार फसल को भारी नुकसान की आशंका है, जिससे किसान डरे हुए हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट और प्रशासन की हिदायत
मौसम विभाग ने आज शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कांगड़ा और सोलन में भी ओलावृष्टि का अलर्ट है, जबकि अन्य पांच जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी है।
जरूरी सलाह : प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को ऊंचे क्षेत्रों की ओर बेवजह यात्रा न करने की सलाह दी है। ताजा बर्फबारी से हिमस्खलन (Avalanche) का खतरा बढ़ गया है, इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले कंट्रोल रूम से सड़कों की ताजा स्थिति जरूर जान लें।

