Himachal News: पीरनिगाह में खैर तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप पकड़ी
वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, पिकअप से खैर की लकड़ी के 45 मोछे बरामद
Himachal News : वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला वन विभाग की टीम ने देर रात पीरनिगाह क्षेत्र में खैर की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप को पकड़ा। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पिकअप से खैर की लकड़ी के 45 मोछे बरामद किए गए हैं।
तिरपाल से ढका हुआ था महिंद्रा पिकअप को
वन विभाग के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे टीम पीरनिगाह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ऊना की ओर से आ रही तिरपाल से ढकी सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम ने पिकअप का पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान कथित तौर पर तस्करों के साथियों ने भूरे रंग की बुलेरो कैंपर से वन विभाग की टीम का रास्ता रोकने और पीछा कर रहे कर्मचारियों को भटकाने का प्रयास किया। इसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा। पिकअप का पीछा बसोली होते हुए चताड़ा तक किया गया।
चालक अंधेरे में हुआ फरार, धरपकड़ जारी
चताड़ा पहुंचने पर पिकअप चालक ने वाहन को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खड़ा कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान पीछा कर रही बोलेरो कैंपर भी मौके से निकल गई। वन विभाग की टीम ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से काटे गए खैर के 45 मोछे बरामद हुए। मामले को लेकर ऊना वन परिक्षेत्र अधिकारी की ओर से पुलिस थाना सदर को लिखित शिकायत दी गई है। वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। वन विभाग का कहना है कि अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

