Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Himachal News : शूलिनी यूनिवर्सिटी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज, छात्र भड़के

शूलिनी विश्वविद्यालय के एक छात्र नितिन की आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

शूलिनी विश्वविद्यालय के एक छात्र नितिन की आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई 21 वर्षीय युवक की मौत के बाद उपजे जनाक्रोश और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवालों के बाद की गई है। पुलिस को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से सूचना मिली थी कि मधुबन कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने फंदा लगा लिया है। मृतक की पहचान नितिन (21) पुत्र कल्याण चौहान, निवासी रोहड़ू के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक रस्सी, मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। डायरी में नितिन ने परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है।

ये हैं छात्रों के आरोप

Advertisement

नितिन की मौत की खबर फैलते ही शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में सैकड़ों छात्रों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय ने नितिन का प्लेसमेंट किया था। प्लेसमेंट के समय जो वेतन पैकेज बताया गया था, वास्तविकता में उसे उससे बहुत कम वेतन दिया जा रहा था। कम वेतन और आर्थिक तंगी के कारण नितिन कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में था।

Advertisement

छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन 100 फीसदी प्लेसमेंट की गारंटी पूरी करने में विफल रहा है और छात्रों की समस्याओं को अनसुना करता है। शुरुआत में पुलिस इस मामले में सामान्य जांच कर रही थी, लेकिन छात्रों के बयानों और परिस्थितियों को देखते हुए अब विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध नियमित प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सुसाइड नोट, रस्सी और विसरा को जांच के लिए राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला जुंगा भेजा जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के उन अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है जो प्लेसमेंट और नितिन के कार्यक्षेत्र से सीधे तौर पर जुड़े थे। फिलहाल नितिन का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस हर पहलू की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रही है।

Advertisement
×