Himachal News : हिमाचल में पुल लॉन्चिंग के दौरान हादसा, भरभराकर नीचे गिरी ट्रस संरचना; 1 की मौत और 7 घायल
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में पुल ढहने से एक व्यक्ति की मौत, सात घायल
Himachal Accident : यहां मसियाना गांव के पास शुक्रवार को निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढहने से एक श्रमिक की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। यह पुल मटौर-शिमला चार लेन मार्ग पर बनाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी देशराज ने बताया कि पुल का हिस्सा ढहने के साथ निर्माण सामग्री करीब 100 फुट गहरी खाई में गिर गई और श्रमिक मलबे में दब गए। नायब तहसीलदार प्रेम चंद ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है। घायलों को एम्बुलेंस से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह हादसा 90 मीटर लंबे ट्रस पुल को स्थापित करने के दौरान हुआ। एनएचएआई ने बताया कि जब 'लॉन्चिंग नोज' को पियर कैप के ऊपर रखा गया, तभी यांत्रिक खराबी के कारण वह अचानक ढह गया, जिससे ट्रस संरचना नीचे गिर गई।

