Himachal Accident: शिमला में निर्माण कार्य के दौरान हादसा, श्रमिक की मौत; तीन घायल
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला में ढली-कैथलीघाट बाईपास के निर्माण स्थल पर टावर क्रेन का ऊपरी हिस्सा कथित तौर पर गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह...
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला में ढली-कैथलीघाट बाईपास के निर्माण स्थल पर टावर क्रेन का ऊपरी हिस्सा कथित तौर पर गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी रोमित, नसीम मोहम्मद और चंद्रकांत के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम पुजारली इलाके के पास हुई, जब निर्माण कार्य के दौरान क्रेन का ऊपरी हिस्सा (बूम) इन श्रमिकों पर गिर गया। हादसे में सभी चार श्रमिक घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी)-शिमला पहुंचाया।
इसके बाद चिकित्सकों ने मोहर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

