Hamirpur News : खाई में कार गिरने से दंपति की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल
धबड़याणा के पास अनियंत्रित होकर 150 फीट नीचे गिरा वाहन, पारिवारिक समारोह में जा रहे थे सभी
Hamirpur News : हमीरपुर जिले के बड़सर-गारली मार्ग पर धबड़याणा के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार चार लोग एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति तेज होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे खाई में जा समाया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रमेश चंद (74) और उनकी पत्नी संतोष कुमारी (69) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहे पृथ्वी चंद (64) और उनकी पत्नी सरोज कुमारी (59) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ग्रामीणों ने घायलों को निकाला बाहर
हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रशासन की ओर से फौरी राहत
जिला पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

