Green Impact Award : हर बीज में हरियाली की उम्मीद, हिमालयन इंस्टीट्यूट को ‘गोल्ड ग्रीन इम्पैक्ट अवॉर्ड-2026’
पर्यावरण संरक्षण की पहल : बीज गोलियों के निर्माण और प्रसार के जरिये जैव विविधता संरक्षण व सतत विकास में योगदान के लिए मिला सम्मान
Green Impact Award : बीज गोलियों के जरिये हरियाली बढ़ाने और जैव विविधता के संरक्षण की पहल को हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, काला अंब के लिए राष्ट्रीय सम्मान मिला है। संस्थान को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए ‘गोल्ड ग्रीन इम्पैक्ट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान नेशनल एजुट्रस्ट ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित ‘सीड बॉल्स फॉर सस्टेनेबल कैंपसेज इनिशिएटिव-2026’ में संस्थान की सक्रिय सहभागिता के लिए प्रदान किया गया। प्रमाण-पत्र में बीज गोलियों के निर्माण और उपयुक्त स्थानों पर उनके प्रसार के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, पर्यावरणीय जागरूकता और सतत परिसर विकास के प्रयासों की सराहना की गई है।
विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
संस्थान के अध्यक्ष रजनीश बंसल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मन्नत बंसल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने प्रकृति की रक्षा, हरियाली बढ़ाने, पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक और प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया। बीज गोलियों के निर्माण और उनके प्रसार जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जैव विविधता संरक्षण में योगदान देने का अवसर मिला।
सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा
संस्थान की यह पहल जलवायु कार्रवाई और स्थलीय जीवन के संरक्षण से जुड़े सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियों को प्रोत्साहित करती है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

