अगले साल पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत कांग्रेस पार्टी ने भी अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस हेतु आज कांग्रेस की जिला शहरी इकाई की मासिक बैठक में पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की गई। अपने अध्यक्षीय भाषण में जिला प्रधान एवं पूर्व विधायक संजय तलवार ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि आप सरकार ने राज्य को आर्थिक तौर पर दिवालिया बना दिया है। आज उधार ली गई राशि इतनी ज्यादा है कि उसके ब्याज से कई विभागों के सामूहिक कर्मचारियों को वेतन दिया जा सकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा कि वे पंजाब सरकार की जन विरोधी नीतियों की खुल कर आलोचना व प्रचार करें। उनके अनुसार आज पंजाब का हर वर्ग आम आदमी पार्टी सरकार से परेशान व दुखी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना की इस बैठक में पार्टी के ब्लॉक प्रधानों, पार्षदों, पूर्व पार्षदों, वार्ड प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, एनएसयूआई, सेवा दल, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।