Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Cyber ​​Fraud : अनजान वाई-फाई बना सकता है साइबर जाल, ब्लूटूथ भी खतरे से खाली नहीं

हिमाचल में साइबर अपराध की शिकायतें एक साल में 52 फीसदी बढ़ीं

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सांकेतिक फोटो
Advertisement
Cyber ​​Fraud in Himachal : सार्वजनिक जगहों पर मुफ्त वाई-फाई का लालच कहीं आपकी निजी और बैंकिंग जानकारी पर भारी न पड़ जाए। साइबर अपराधी फर्जी वाई-फाई हॉटस्पॉट बनाकर मोबाइल उपयोगकर्ताओं को अपने जाल में फंसा सकते हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम विंग ने नागरिकों को चेताया है कि जरूरत न होने पर वाई-फाई और ब्लूटूथ बंद रखें और अनजान नेटवर्क या उपकरणों से कनेक्ट होने से बचें।

साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच हिमाचल में शिकायतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में वर्ष 2025 में 18,706 साइबर अपराध शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि 2024 में इनकी संख्या 12,249 थी। यानी एक साल में शिकायतों में करीब 52 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2023 में 8,077 शिकायतें दर्ज हुई थीं, ऐसे में दो साल में शिकायतों की संख्या दोगुने से भी अधिक हो गई है।

Advertisement

साइबर क्राइम अन्वेषक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि बिना आवश्यकता वायरलेस कनेक्टिविटी चालू रखने से गोपनीयता और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े अनावश्यक जोखिम बढ़ सकते हैं। खासकर यात्रा और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।

Advertisement

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों द्वारा बनाए गए फर्जी वाई-फाई नेटवर्क के जरिये फिशिंग, संवेदनशील जानकारी की चोरी या इंटरसेप्शन और ऑनलाइन धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है। सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग अथवा अन्य संवेदनशील लेन-देन नहीं करना चाहिए। महत्वपूर्ण लेन-देन के लिए मोबाइल डेटा या विश्वसनीय नेटवर्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

रुकें–जांचें–फिर कनेक्ट करें

पुलिस ने नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा का सरल मंत्र स्टॉप-चेक-कनेक्ट दिया है। यानी अनजान नेटवर्क से अपने-आप कनेक्ट न हों, संवेदनशील जानकारी दर्ज करने से पहले नेटवर्क और वेबसाइट की विश्वसनीयता जांचें और केवल विश्वसनीय नेटवर्क व उपकरणों का इस्तेमाल करें। पुलिस का कहना है कि सतर्कता ही साइबर अपराध के खिलाफ पहली सुरक्षा पंक्ति है। पुलिस ने वाई-फाई की ऑटो-कनेक्ट सुविधा बंद रखने, अनजान ब्लूटूथ डिवाइस से कनेक्ट नहीं होने, एप केवल आधिकारिक एप स्टोर या प्ले स्टोर से डाउनलोड करने और अनजान एपीके फाइल इंस्टॉल न करने की सलाह दी है।

Advertisement
×