झाकड़ी पावर स्टेशन में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ
रामपुर बुशहर के एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में शुक्रवार से ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ किया गया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने झाकड़ी परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी कर्मचारियों...
रामपुर बुशहर के एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में शुक्रवार से ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ किया गया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने झाकड़ी परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस दौरान सभी कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विद्युत मंत्रालय और एसजेवीएन शिमला के निर्देशानुसार 16 मई से 31 मई तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत परियोजना परिसर, कॉलोनियों और नाथपा डैम क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एसजेवीएन द्वारा सरकारी स्कूलों के बालिका शौचालयों को गोद लेकर उनकी साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता रैलियां निकाली जाएंगी और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई का संदेश दिया जाएगा। परियोजना परिसर से लेकर डैम साइट तक नियमित स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से स्वयं स्वच्छ रहने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

