नूंह में 8 साल पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या
Nuh News: लहारवाड़ी गांव में 10-15 हथियारबंद युवकों के पहुंचने का आरोप; हत्या के बाद फेसबुक स्टोरी में ‘भाई की हत्या का बदला’ लिखने का दावा
पुन्हाना उपमंडल के सदर थाना क्षेत्र के गांव लहारवाड़ी में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर 28 वर्षीय अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, 10-15 युवक हथियारों के साथ गांव में पहुंचे और अजहरुद्दीन पर गोली चला दी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों और सरपंच सिंगा के अनुसार, घटना के समय चार-पांच बच्चे गांव में खेल रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस युवक वहां पहुंचे और अजहरुद्दीन को गोली मार दी। आरोप है कि हमलावरों ने बच्चों पर भी लाठी-डंडों से हमला किया। बच्चे मौके से भागकर बच निकले। मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
2018 में हुई थी वसीम की हत्या
बताया जा रहा है कि हत्या की वजह वर्ष 2018 से चली आ रही रंजिश है। 3 अगस्त 2018 को गांव में वसीम नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में अजहरुद्दीन को मुख्य आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने 13 नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच इससे पहले पलवल जिले में एक चुनावी रैली के दौरान मारपीट और साथ लगती जमीन को लेकर भी विवाद था। मृतक के परिजनों के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर पंचायत स्तर पर फैसला भी हो चुका था। इसके बावजूद वारदात को अंजाम दिया गया।
हत्या के बाद फेसबुक स्टोरी लगाने का दावा
सूत्रों के अनुसार, अजहरुद्दीन की हत्या का आरोप जिस युवक पर है, वह वर्ष 2018 में वसीम की हत्या के समय नाबालिग था। बताया जा रहा है कि वह उस घटना को लेकर बदला लेने की भावना रखता था। सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद उसने फेसबुक स्टोरी पर कथित तौर पर ‘भाई की हत्या का बदला ले लिया’ लिखा।
वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी गांव के दोनों पक्षों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

