लोकसभा, विधानसभाओं में महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण : सुमन सैनी
नारी शक्ति वंदन पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन पदयात्रा सिर्फ एक पदयात्रा नहीं है बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक जन आंदोलन है। यह सिर्फ एक कानून नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को नीति की लाभार्थी से नीति की निर्माता बनाने की ओर एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आना एक ऐतिहासिक निर्णय है, इस अधिनियम के पारित होने से महिलाओं को अब लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी बुधवार को नारी शक्ति वंदन पदयात्रा के अवसर पर श्री रघुनाथ मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर व भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया। इसके पश्चात उन्होंने हरी झंडी दिखाकर नारी शक्ति वंदन पदयात्रा को रवाना किया। यह पदयात्रा श्री रघुनाथ मंदिर चौक से शुरू होकर गांधी चौक, सदर बाजार, जवाहर मार्केट, नावल्टी चौक, दयालपुरा गेट, कर्ण गेट पर समाप्त हुई।
उपाध्यक्ष सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारी शक्ति वंदन अधिनियम- 2023 जैसा ऐतिहासिक निर्णय लेने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया, जिनके नेतृत्व में महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी पूरा होगा, जब महिलाएं पूरी तरह सशक्त होंगी। यह अधिनियम केवल एक संवैधानिक व्यवस्था नहीं है बल्कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को गति देने वाला एक निर्णायक कदम है। जब महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ेंगीं, तो विकास की प्रक्रिया अधिक समावेशी, संतुलित और टिकाऊ बनेगी।
महिला आरक्षण बिल ऐतिहासिक कदम : जगमोहन आनंद
विधायक जगमोहन आनंद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण बिल (33 प्रतिशत) लाना एक ऐतिहासिक कदम है। वह दिन दूर नहीं जब इसी आरक्षण के माध्यम से प्रदेश को महिला मुख्यमंत्री भी मिल सकती है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता सिद्ध कर रही हैं।
महिलाओं के सपनों को सच करने का माध्यम : रेणु बाला गुप्ता
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के सपनों को सच करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी अधिनियम के लिए 16 से 18 अप्रैल तक विशेष सत्र बुलाया है। यह अधिनियम महिलाओं को नए अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की धर्मपत्नी रेशमा कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद की धर्मपत्नी रेखा आनंद, हरियाणा वाणी एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए कल्याण समिति की उपाध्यक्ष एवं चेयरपर्सन मेघा भंडारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रियंका कठपाल, भाजपा नेता बृज गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

