हथीन में वाहन चोरी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, सात बाइक बरामद
स्विफ्ट कार चोरी मामले में हुई गिरफ्तारी, पूछताछ में अन्य वाहन चोरी का खुलासा
Haryand News: हथीन एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस स्टाफ ने स्विफ्ट कार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य युवकों की गिरफ्तारी भी संभव है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल आईपीएस ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस स्टाफ ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज उर्फ मोनू निवासी अलावलपुर और अनिल उर्फ कलवा निवासी गौरीला मोहल्ला, पलवल के रूप में हुई है।
गोयल अस्पताल के पास से चोरी हुई थी स्विफ्ट कार
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को राजस्थान के जिला डीग के गांव स्यौरावली निवासी अवधेश की स्विफ्ट कार गोयल अस्पताल के पास सर्विस रोड से चोरी हो गई थी। मामले की जांच के दौरान एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ हथीन ने मुखबिर की सूचना के आधार पर हथीन रोड स्थित रतीपुर केएमपी पुल के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी नीरज उर्फ मोनू की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, जबकि अनिल उर्फ कलवा से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

