सैलानियों को पसंद आ रहा पानीपत जेल में बना हैंडलूम, लकड़ी का सामान
सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले को हुए पांच दिन
अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला 31 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। हरियाणा की जेलों में कैदियों एवं बंदियों द्वारा बनाये गये सामान को सूरजकुंड मेले में जेल विभाग के स्टॉल पर रखा हुआ है। मेले को बुधवार को शुरू हुए अभी पांच दिन ही हुए हैं और जेल विभाग के स्टाल पर बंदियों द्वारा बनाये गये सामान को देखने वालों की भीड़ लग रही है। पानीपत जेल अध्यीक्षक संजीव कुमार के अनुसार जेल विभाग के स्टॉल पर रखे गये विभिन्न तरह की आइटमों को रोजाना बड़ी संख्या में लोगों द्वारा देखा जा रहा है और प्रदेश की विभिन्न जेलों में कैदियों एवं बंदियों द्वारा बनाये गये सामान को पसंद किया जा रहा है।
पानीपत जेल में बने विभिन्न तरह के हैंडलूम उत्पाद और लकड़ी के फर्नीचर की अनेक तरह की आइटमें भारतीय ही नहीं बल्कि विदेशी सैलानियों के भी मन को भा रही है। पानीपत जेल में बना काफी सामान मेला देखने आये लोगों द्वारा खरीदा जा चुका है। बता दें कि पानीपत जेल से इस बार सूरजकुंड मेले में हैंडलूम उत्पादों में फूट मैट, कुशन, दरी व हैंड टॉवल आदि और लकड़ी के आइटमों में छोटे व बड़े बुक रैक, फ्रूट ट्रे, लकड़ी का स्टूल, सोफा, डाइनिंग टेबल व कुर्सियां आदि भेजी गई हैं।
पिछले साल सूरजकुंड मेले में जिन हैंडलूम व लकड़ी के आइटमों की ज्यादा डिमांड रही थी, उन्हीं आइटमों को इस बार बंदियों ने पहले से भी ज्यादा आधुनिक तरीके से बनाया हुआ है और वही आइटमें अब भारतीय व विदेशी सैलानियों को पसंद भी आ रही हैं। पिछले साल सूरजकुंड मेले में पानीपत जेल में बने काफी सामान की बिक्री हुई थी और काफी सामान का ऑर्डर भी मिला था।
मेले में इस बार ज्यादा सामान की बिक्री की उम्मीद : जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जेल महानिदेशक हरियाणा आलोक मित्तल के निर्देशानुसार प्रदेश की विभिन्न जेलों में बने सामान को सूरजकुंड मेले में जेल विभाग के स्टॉल पर रखा गया है। मेले को शुरू हुए अभी 5 दिन ही हुए है और इन 5 दिनों में ही जेल विभाग के स्टॉल पर काफी सामान की बिक्री हो चुकी है, और सामान बनाने के ऑर्डर भी मिल रहे हैं। पानीपत जेल में आधुनिक तरीके से बने हैंडलूम व लकड़ी के फर्नीचर की विभिन्न आइटमें लोगों द्वारा पसंद की जा रही हैं। इस बार उम्मीद है कि पानीपत जेल के सामान की पिछले साल से भी ज्यादा बिक्री होगी और अच्छे ऑर्डर भी मिलेंगे।

