सरदार पटेल के बजाय दो वोट वाले नेहरू को प्रधानमंत्री बनाने वाले कर रहे वोट चोरी की बात : श्याम सिंह राणा
बोले- हरियाणा का बजट सत्र 20 को होगा शुरू, सभी वर्गों के लिए अच्छा होगा
यमुनानगर में लोगों के बीच उनकी शिकायतें सुनने पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कांग्रेस को वोट चोरी के मुद्दे पर जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि 1947 में पहली बार केंद्र में सरकार बनी, वह सरकार सांसदों की वोट से नहीं बनी बल्कि कांग्रेस के 30 वोटर से बनी थी। उस समय प्रधानमंत्री पद के दो दावेदार थे, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल। 30 में से 28 लोग सरदार पटेल को प्रधानमंत्री बनना चाहते थे, जबकि दो लोग जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री चाहते थे। लेकिन दो वोट के समर्थन वाले नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया गया। अब यह लोग वोट चोरी की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश का संविधान लिखने वाले डॉक्टर अंबेडकर ने जब चुनाव लड़ा तो कांग्रेस ने उन्हें चुनाव में हरवा दिया। अब यह डॉक्टर अंबेडकर के संविधान की रक्षा की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार अच्छी हो रही है, जब कांग्रेस देश से गई और भाजपा आई तब देश 14वें नंबर पर था। जबकि अब अर्थव्यवस्था में चौथे नंबर पर है और जल्दी ही तीसरे नंबर पर आ जाएगा।
उन्होंने यूरोप और अमेरिका से हुए समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि जिस चीज की हमें जरूरत पड़ेगी वह हम इन देशों से लेंगे। श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा का बजट सत्र 20 फरवरी को शुरू होगा, जिसमें राज्यपाल के भाषण के बाद मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री के नाते अपना हरियाणा का बजट पेश करेंगे। इसमें कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य सभी विभागों के बजट को बढ़ाया जाएगा। कांग्रेस द्वारा बजट सत्र में सरकार को घेरने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता और विधायक कुछ तो बोलेंगे, इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्हें भी लोगों में रहना है कुछ तो बोलना पड़ेगा।

