रेवाड़ी एम्स का काम समयसीमा में पूरा हो, राज्यपाल ने जताई अपेक्षा; केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने लोक भवन में की शिष्टाचार भेंट
पंचकूला राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति और स्वास्थ्य ढांचे पर हुई चर्चा. केंद्रीय मंत्री बोले- जल्द प्रधानमंत्री करेंगे आयुर्वेद संस्थान का लोकार्पण
AIIMS Rewari : हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि परियोजना समय पर पूरी होने से दक्षिण हरियाणा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सकेगा। राज्यपाल ने यह बात गुरुवार को लोक भवन में केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव से शिष्टाचार भेंट के दौरान कही।
बैठक में हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अवसंरचना और आयुष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान राज्यपाल ने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की भी जानकारी ली। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान में ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और प्रतिदिन मरीजों को परामर्श तथा उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर
प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है, ताकि दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों तक समान और प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना और चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार जरूरी है।
आयुष और स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार की दी जानकारी
प्रतापराव जाधव ने राज्यपाल को हरियाणा सहित देशभर में आयुष चिकित्सा पद्धति को सशक्त बनाने और स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है और आयुष चिकित्सा प्रणाली को भी मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मजबूती से जोड़ा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब और वंचित लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ एडवोकेट मनोज बख्शी भी मौजूद रहे।

