Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

सूरजकुंड झूला हादसा : एजेंसी मालिक गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

मुख्यमंत्री ने तलब की जांच रिपोर्ट, डीजीपी ने मृतक पुलिस कर्मी के परिजनों से की मुलाकात

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल व फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेन्द्र गुप्ता सिविल अस्पताल में सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से घायल हुए पुलिस कर्मी व अन्य घायल का कुशलक्षेम जानते हुए। -हप्र
Advertisement
शनिवार को सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट्स मेले में झूला टूटने से हुए हादसे में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत के बाद, सूरजकुंड पुलिस स्टेशन ने झूला एजेंसी के मालिक मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी नितेश को भी गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।

मोहम्मद शाकिर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के टोका नांगला गांव का रहने वाला है, जबकि नितेश मेरठ कैंट के सदर, धर्मापुरी का रहने वाला है। वे ‘हिमाचल फन फेयर’ नाम की एक एजेंसी चलाते हैं। इसी एजेंसी के जरिए उन्होंने सूरजकुंड मेले में झूले लगाने का ठेका लिया था। उन्होंने एम्यूजमेंट पार्क में 10 से ज्यादा झूले लगाए थे। इस मामले की जांच के लिए पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने तीन सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है। टीम में एसीपी क्राइम वरुण कुमार दहिया, क्राइम ब्रांच एनआईटी इंचार्ज शीशपाल और सूरजकुंड पुलिस स्टेशन के संजय शामिल हैं। टीम वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

उधर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। सभी झूलों व उपकरणों की तकनीकी जांच, फिटनेस प्रमाणन और संचालन व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। हादसे में बलिदान हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को राज्य सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के उपरांत पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल व पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद के परिजनों से सिविल अस्पताल फरीदाबाद में मुलाकात कर उनको सांत्वना दी। साथ ही निजी अस्पताल व सिविल अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों का हाल-चाल जाना। डीजीपी अजय सिंघल ने बहादुर निरीक्षक के लिए एक करोड़ रुपये के मुआवजे और उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने घायल व्यक्तियों को बचाते हुए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। उपायुक्त आयुष सिन्हा और टूरिज्म एमडी पार्थ गुप्ता ने सूरजकुंड स्थित सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से रविवार सुबह फिर से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। शनिवार को हुए हादसे के कारण आज रविवार को मेले में कम पर्यटक नजर आए। हालांकि पर्यटन विभाग व लोक संपर्क विभाग ने हादसे के बाद मेला पहले की तरह चालू रहने की सूचना जारी की है।

Advertisement

देर रात पर्यटन मंत्री पहुंचे घटना स्थल पर लिया जायजा

प्रदेश के पर्यटन मंत्री अरविन्द शर्मा ने बीती रात घटना की जानकारी मिलते ही देर रात सूरजकुंड पहुंचे और घटनास्थल पर राहत बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटना बहुत हदय विदारक है। उन्होंने कहा कि घायल पर्यटकों के ईलाज में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ जाकर घायलों से मुलाकात भी की।

घायलों की सूची

पुलिस प्रवक्ता के हादसे में घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम फरीदाबाद पुलिस, महिला सिपाही शर्मिला, पुलिस लाइन फरीदाबाद, राजेश थाना एसजीएम नगर, हर्ष प्रकाश निवासी कैसिया स्टेट पॉकेट, ग्रेटर नोएडा, प्रशांत निवासी गांव डूबे थाना सेफ जिला छैलपुर राजस्थान हाल आईआईटी 3 तक एयर दिल्ली, अमीषा निवासी सूर्य विहार पार्ट-2 सेक्टर 91 फरीदाबाद, परविंदर निवासी प्रह‍्लादपुर नई दिल्ली शामिल हैं तथा सुनील निवासी अकेड़ा थाना महेंद्रगढ़, शिवानी निवासी हाउस नंबर 207 बिरौना टावर नोएडा 78, बलबीर वास सुल्तानपुर, अनुज निवासी शेरपुर कासगंज उत्तर प्रदेश, पूजा निवासी बहादुरपुर फरीदाबाद, को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।

Advertisement
×