सिवाह की सुमन देवी ने नेशनल पैरा पॉवर लिफ्टिंग में जीता गोल्ड
पानीपत के गांव सिवाह की सुमन देवी ने उत्तराखंड के रुड़की की कोएर यूनिवर्सिटी में 16 से 17 जनवरी को आयोजित 23वीं सीनियर नेशनल पैरा पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशीप में अपने 55 किलो भार वर्ग में 90 किलो वेट उठाकर...
पानीपत के गांव सिवाह की सुमन देवी ने उत्तराखंड के रुड़की की कोएर यूनिवर्सिटी में 16 से 17 जनवरी को आयोजित 23वीं सीनियर नेशनल पैरा पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशीप में अपने 55 किलो भार वर्ग में 90 किलो वेट उठाकर गोल्ड मेडल जीता है। सुमन देवी ने गोल्ड जीतकर अपने गांव सिवाह, जिला पानीपत और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया है। सुमन देवी को नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने पर सिवाह के अनेक गणमान्य लोगों ने बधाई दी है। इस दौरान सुमन देवी के पति प्रदीप प्रजापत ने बताया कि इस चैंपियनशिप के लिये सुमन देवी ने गांव सिवाह व पानीपत के जिम में कड़ा अभ्यास किया। राजू शर्मा कोच के नेतृत्व में रोजाना कई-कई घंटे सुबह शाम प्रेक्टिस की और उसी कड़े अभ्यास का परिणाम है कि सुमन देवी ने गोल्ड मेडल जीता। सुमन देवी ने बताया कि उनके द्वारा गोल्ड मेडल जीतने में पैरा पॉवर लिफ्टिंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी सिंह का उचित मार्ग दर्शन रहा है। बता दें कि सुमन देवी का मायका जींद जिला के गांव निदाना में है और पिता मास्टर परमानंद के मार्ग दर्शन में सुमन देवी का बचपन से ही खेलों के प्रति रुझान रहा है। उसकी शादी गांव सिवाह में प्रदीप प्रजापत के साथ हुई और प्रदीप ने भी अपनी पत्नी सुमन देवी को खेलों में आगे बढ़ाने के लिये सदैव पूरा साथ दिया।

