यमुनानगर में कर्मचारी संगठनों का जोरदार प्रदर्शन
केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ करेंगे 12 फरवरी को हड़ताल
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले संबंधित विभागीय संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाई कन्हैया साहिब चौक पर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान महिपाल सौदे ने की व संचालन जिला सचिव सतीश कुमार ने किया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए डीसी ऑफिस तक रोष मार्च किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रेस सचिव गुलशन भारद्वाज, नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव मांगेराम तिगरा, बिजली के नेता विक्रम काम्बोज, अध्यापक संघ से राकेश धनखड़, किसान नेता जरनैल सांगवान ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा 23 दिसंबर, 2025 एवं 31 दिसंबर, 2025 को कच्चे कर्मचारियों के पक्ष में दिए गए ऐतिहासिक और स्पष्ट आदेशों के बावजूद हरियाणा सरकार उन्हें लागू करने के बजाय जानबूझकर टालमटोल की नीति अपना रही है। ग्रामीण चौकीदार, आशा वर्कर्स एवं मिड डे मील के कर्मचारियो को कर्मचारी का दर्जा तक नहीं दिया जा रहा। सरकार कभी डबल बेंच में जाने की बात करती है, तो कभी सुप्रीम कोर्ट की आड़ लेकर न्यायालयीन आदेशों को निष्प्रभावी करने का रास्ता अपनाती रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने हाईकोर्ट के आदेशों को लागू नहीं किया, तो 12 फरवरी, 2026 की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हरियाणा का कर्मचारी वर्ग पूरी ताकत के साथ भाग लेगा।

