बीकेडी रोड पर महीनों से स्ट्रीट लाइट खराब, हो सकता है हादसा
मामले को लेकर निगमायुक्त से मिलेंगे : देवेंद्र सिंह
जगाधरी के बीकेडी रोड पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जानकारी के अनुसार इस रोड की स्ट्रीट लाइट करीब दो महीने से बंद है। इससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह इस बाबत निगमायुक्त से मिलने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि संबंधित कर्मचारियों की सुस्ती का खमियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र के भूपेंद्र सिंह, अश्वनी, रमेश सैनी, नरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, मंजीत सिंह आदि का कहना है कि करीब दो महीने से बूडिया चौक से बूडिया नहर पुल तक ज्यादा तर लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे शाम ढलते ही रोड अंधेरे में डूब जाता है। उनका कहना है कि स्ट्रीट ठीक न होने से यहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से इसे लेकर ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है।
कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद देवेंद्र सिंह ने बताया कि करीब दस साल पहले नगर निगम ने बीकेडी रोड पर नहर पुल तक व बूडिया चौक से गांव भगवानगढ़ तक स्ट्रीट लाइट लगवाई थीं। उन्हें जानकारी मिली है कि बीकेडी रोड की लाइटें महीनों से खराब हैं। देवेंद्र सिंह ने कहा कि इस बाबत जल्दी ही निगमायुक्त से मिला जाएगा।
