नरवाना में आवारा कुत्तों का आतंक, एक ही दिन में 6 लोगों को काटा; गली-मोहल्लों में दहशत
पंजाबी चौक में नरेंद्र मुंजाल की पत्नी भी बनी शिकार, जींद रेफर
शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात अब इतने बिगड़ गए हैं कि एक ही दिन में छह लोगों को आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आई हैं। हमलों से शहरवासियों में दहशत के साथ-साथ प्रशासन के खिलाफ रोष भी बढ़ता जा रहा है।
आज हरि मंदिर पंजाबी चौक क्षेत्र में नरेंद्र मुंजाल की पत्नी को आवारा कुत्ते ने काट लिया। महिला को परिजनों द्वारा उपचार के लिए नरवाना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जींद रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी दिन कुत्तों के हमले का शिकार होने वालों में गोपाल, प्रीति, बलबीर सैनी, कमलेश और नीलम मुंजाल के नाम भी सामने आए हैं। एक अन्य व्यक्ति के भी कुत्ते के काटने की जानकारी मिली है। एक ही दिन में छह लोगों के कुत्तों का शिकार बनने से लोगों में खलबली मच गई है।
कई इलाकों में कुत्तों के झुंड, बच्चों-बुजुर्गों में डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीरबल नगर, पतराम नगर, मॉडल टाउन, हरि मंदिर पंजाबी चौक समेत शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं। कुत्तों के झुंड को देखकर लोग रास्ता बदलने तक को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा चिंता बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर जताई जा रही है। आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर पहले भी शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। अब एक ही दिन में छह लोगों के काटे जाने के बाद लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है।
पार्षद के प्रति भी रोष, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
मोहल्लावासियों ने संबंधित पार्षद के प्रति भी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि जब वार्ड में लगातार कुत्तों के हमले हो रहे हैं तो समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि शहर में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बच्चे, बुजुर्ग या राहगीर को गंभीर नुकसान न उठाना पड़े।
मोहल्लावासियों का सवाल साफ है- एक दिन में छह लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो गए, फिर भी प्रशासन कब जागेगा? क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किया जा रहा है?

