विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण रविवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जमकर गरजे। अवैध कॉलोनियां काटने वाले मुनाफा कमा कर भाग जाते हैं, लेकिन लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। 40-40 वर्षों से गारे में पड़े लोगों को हमने निकालने का कार्य किया। पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल ने कानून बदल कर उन कालोनियों को वैध करने का काम किया ताकि जनता को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। लेकिन उसका ये मतलब कतई नहीं कि अवैध कालोनी काटे जाने का हमने लाइसेंस दे दिया हो।
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया इलाके में किसी भी तरह का कोई गलत काम नहीं होने देना है। उन्होंने कहा भविष्य में अवैध कालोनी न पनपे उसके लिए चौकन्ने रहना है, सावधान रहना है। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने अवैध कालोनियों को पूरी तरह से गलत करार देते हुए शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों से आह्वान किया झांसे में न आए और गलत काम न होने दे। उन्होंने कहा इलाके में चल रहे विकास कार्यों पर निगरानी के लिए वार्ड स्तर पर समितियों का गठन करें। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।
अग्रवाल भवन में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए स्पीकर हरविंद्र कल्याण का सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों, प्रबुद्धजनों ने जोरदार अभिनंदन किया। अवैध कालोनियों को नियमित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कानून में बदलाव किया। शहर की करीब 50 कालोनियां वैध घोषित की जा चुकी हैं। इनमें मूलभूत सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं। कल्याण ने कहा कि आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर को और अधिक सुंदर व स्वच्छ बनाने तथा बच्चों को संस्कारित बनाने के लिए प्रबुद्धजनों से सुझाव लेना है। इस मौके पर प्रबुद्धजनों ने कल्याण के समक्ष रखे सुझाव।
शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए मंथन करना होगा
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए मंथन करना होगा। चल रहे विकास कार्यों पर निगरानी के लिए हर वार्ड में कमेटियां गठित करनी होंगी। सरकार के एक-एक पैसे का सदुपयोग होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व चेयरपर्सन सुभाष गुप्ता, रमेश गुप्ता, कृष्ण शर्मा, पूर्व चेयरमैन निर्मल बैरागी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, एसडीएम राजेश सोनी, मंडल प्रधान रोहित भंडारी तथा विभिन्न वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे।

