Sonipat Crime News : सोनीपत में दिल दहला देने वाली वारदात, वृद्ध ने सगी भाभी की गला रेतकर हत्या के बाद लगाया फंदा
कोठी के अंदर एक अलमारी पर लिखे मिले आरोपों से उठ रहे सवाल
Sonipat Crime News : शहर के सेक्टर-14 स्थित एक कोठी में मंगलवार को घर के अंदर वृद्ध देवर और उनकी भाभी के शव संदिग्ध हालात में मिलने पर सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देवर ने पहले भाभी की गला रेतकर हत्या की और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है।
मूलरूप से सोनीपत के गांव रामपुर कुंडल निवासी महाबीर राणा (78 वर्ष) वर्ष 2012 से सेक्टर-14 स्थित 1120 नंबर कोठी में रह रहे थे। वह घर की पहली मंजिल पर पत्नी व बेटे पिंटू के परिवार के साथ रहते थे। वहीं उनकी भाभी आशा (78 वर्ष) इसी घर में भूतल पर अकेली रहती थी। उनके पति बीर सिंह की करीब 11 साल पहले मौत हो गई थी। बीर सिंह भी पहले विदेश में रहते थे। उनका बेटा योगी कई साल पहले इंग्लैंड गया था।
उसके बाद उनके ओमान में होने की जानकारी मिली, लेकिन अब वह कहां है इसकी जानकारी नहीं हैं। मंगलवार सुबह महाबीर राणा घर से दूध लेकर आने की कहकर निकला था। उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं है। महाबीर राणा की गांव में कृषि भूमि है और साथ ही वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
इसी बीच आशा के घर काम करने वाली महिला को उनका घर बंद मिला तो दोपहर को उन्होंने पड़ोसियों को अवगत कराया। बाद में जब महाबीर के परिजनों ने आशा के कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो वह अंदर सेे बंद मिला। दरवाजा तोडक़र परिवार अंदर गया तो सभी स्तब्ध रह गए। कमरे के अंदर आशा का शव जमीन पर पड़ा था। उनका गला रेता कर हत्या की गई थी। वहीं महाबीर का शव बिजली की तार के सहारे छत में फंदे पर लटका मिला।
कमरे में दीवार के अंदर अलमारी व बेड के बॉक्स पर लिखा मिला है कि ‘उनके भाई बीर सिंह राणा को आशा ने अपनपी बहन उषा व उसके पति दिनेश के साथ मिलकर मारा था’। सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम सीन यूनिट मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस पारिवारिक संपत्ति विवाद और पुराने मामलों की भी पड़ताल करेगी। फिलहाल मौके पर जांच चल रही थीं। शवों का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
पुलिस का वर्जन
बुजुर्ग महिला व उनके देवर का शव कमरे में मिला हैं। महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान है तो उनका वृद्ध देवर फंदे पर लटका मिला है। महिला के मायका पक्ष के लोग उत्तर प्रदेश के नोएडा में रहते हैं। उनके आने के बाद बयान लेकर कार्रवाई की जाएगी।
कुशल पाल सिंह, डीसीपी सोनीपत

