Haryana Accident : ढांड में भीषण सड़क हादसा; प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा, 20 लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में 2 महिलाओं की मौत
Haryana Accident : कैथल जिले के कस्बा ढांड में एक अत्यंत दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। इसी दौरान प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु रोजाना की तरह सुबह पूंडरी रोड़ पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि महिलाओं और पुरुषों समेत करीब 15 से 20 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कई लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की सहायता में जुट गए।
इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं की कुरूक्षेत्र अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रियंका पुत्री रविंद्र (उम्र 26 वर्ष) तथा दर्शना देवी पत्नी ईशम सिंह (उम्र 61 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत कुरुक्षेत्र व नजदीक के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार चालक को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं व घायलों के प्रति गहरी संवेदना भी प्रकट की।

