धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को करते हैं मजबूत : रामप्रताप गुप्ता
अग्रवाल युवा सभा का परिवार मिलन समारोह कार्यक्रम संपन्न
होली के पावन अवसर पर अग्रवाल युवा सभा, कैथल द्वारा आयोजित परिवार मिलन समारोह एवं एक शाम बाबा खाटू श्याम के नाम कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं परिवारजनों ने सहभागिता कर बाबा के भजनों की सरिता में आस्था की डुबकी लगाई। सभा के प्रधान रामप्रताप गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम और संस्कारों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में पधारे सभी भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रधान रामप्रताप गुप्ता ने सभी गायकों का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। संकीर्तन की सुंदर प्रस्तुति हेतु श्री गिरिराज मित्र मंडल, कैथल का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया गया। इस अवसर पर सभा के चेयरमैन रामकुमार बंसल ने अपने वक्तव्य में कहा कि अग्रवाल युवा सभा सदैव समाज के हित एवं धार्मिक गतिविधियों के लिए तत्पर रहती है। संयुक्त सचिव हिमांशु गोयल एडवोकेट ने कहा कि युवा शक्ति के सहयोग से इस कार्यक्रम को नई ऊर्जा मिली है। इस अवसर पर अग्रवाल युवा सभा कैथल प्रधान रामप्रताप गुप्ता, चेयरमैन रामकुमार बंसल, उपप्रधान संजय बंसल, महासचिव मोहनलाल गुप्ता, सह सचिव हिमांशु गोयल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष सुभाष बंसल व अन्य सदस्य मौजूद रहे।

