हरियाणा के AI हब से जोड़ने की तैयारी, मलेशिया के पेनांग के डिप्टी सीएम ने सैनी से की मुलाकात
गुरुग्राम-पंचकूला में बन रहे एआई हब में पेनांग के निवेशकों को अवसर दिखाने की तैयारी
हरियाणा ने अब मलेशिया के पेनांग की टेक्नोलॉजी और निवेश क्षमता को राज्य के उभरते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सोमवार को हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव की मुलाकात में निवेश, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और रोजगार के साथ-साथ दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने पेनांग के नेतृत्व और मलेशियाई निवेशकों को हरियाणा में निवेश के अवसर तलाशने का न्योता दिया। खास तौर पर गुरुग्राम और पंचकूला में विकसित किए जा रहे एआई हब्स का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी आधारित निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग से रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
हरियाणा और पेनांग के बीच प्रस्तावित सहयोग में निवेश के साथ कौशल विकास और रोजगार को भी अहम हिस्सा बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ऐसी अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां विकसित करना चाहता है, जिनसे निवेश और नवाचार के साथ प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हों। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा और पेनांग के बीच बढ़ता सहयोग प्रौद्योगिकी, निवेश, कौशल विकास और आर्थिक विकास के क्षेत्र में पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी को नई दिशा देगा।
पेनांग को ‘हैपनिंग हरियाणा’ में बुलावा
मुख्यमंत्री ने पेनांग के उपमुख्यमंत्री और वहां के नेतृत्व को अप्रैल 2027 में होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के लिए तेजी से प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है और राज्य नवाचार, एआई तथा नई पीढ़ी के उद्योगों के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। सैनी ने मलेशियाई निवेशकों से हरियाणा में निवेश की संभावनाएं तलाशने का आग्रह करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का उद्देश्य केवल निवेश लाना नहीं, बल्कि तकनीक, कौशल और रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है।
पंजाब-हरियाणा से विरासत का रिश्ता
बैठक में पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव ने अपनी सिख और पंजाबी विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने इस क्षेत्र के साथ अपने विशेष जुड़ाव की बात मुख्यमंत्री से साझा की और उन्हें सितंबर में पेनांग में एक प्रमुख ऐतिहासिक गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस तरह बैठक में एक तरफ निवेश और टेक्नोलॉजी का एजेंडा रहा तो दूसरी तरफ पंजाबी-सिख विरासत ने दोनों पक्षों के रिश्ते को सांस्कृतिक आधार भी दिया।

