Police Recruitment: भर्ती मैदान में पहुंचे हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी, अभ्यर्थियों का बढ़ाया जोश
Police Recruitment: ताऊ देवी लाल स्टेडियम में नायब सैनी ने खुद संभाली व्यवस्थाओं की कमान, युवाओं से सीधा संवाद
Police Recruitment: हरियाणा में चल रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया के बीच सोमवार को उस समय अलग ही माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अचानक सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंच गए। यहां पुलिस भर्ती के तहत चल रहे शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में हिस्सा लेने आए हजारों युवाओं के बीच मुख्यमंत्री ने न सिर्फ व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि सीधे संवाद कर उनका उत्साह भी बढ़ाया। स्टेडियम में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही भर्ती देने आए अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली, जबकि मुख्यमंत्री ने भी बेहद आत्मीय अंदाज में युवाओं का अभिवादन स्वीकार किया और उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सबसे बड़ी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को सुविधा के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भर्ती में शामिल युवाओं से सीधे फीडबैक भी लिया और पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही। कई अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और कहा कि सरकार द्वारा किए गए इंतजामों से उन्हें काफी राहत मिली है।
परिजनों से भी मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री केवल भर्ती प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहे, बल्कि अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनसे उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं और उनके परिवारों की सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। स्टेडियम परिसर में बनाए गए विश्राम क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था और बैगेज जमा कराने जैसी सुविधाओं को देखकर कई परिजनों ने इसे सकारात्मक पहल बताया। उनका कहना था कि पहली बार भर्ती केंद्रों पर इतनी व्यवस्थित सुविधाएं देखने को मिली हैं।
रोजाना तीन हजार युवाओं का हो रहा पीएमटी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत ताऊ देवी लाल स्टेडियम में प्रतिदिन करीब तीन हजार अभ्यर्थियों का शारीरिक माप परीक्षण कराया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर बनाए गए विश्राम स्थल में बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि लंबा इंतजार करने वाले अभ्यर्थियों और परिवारों को राहत मिल सके। इसके अलावा बैग और अन्य सामान सुरक्षित रखने के लिए अलग सुविधा केंद्र भी बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने भर्ती देने आए युवाओं में नया उत्साह भर दिया। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि जब प्रदेश का मुख्यमंत्री खुद मैदान में पहुंचकर व्यवस्थाएं देख रहा हो तो युवाओं का भरोसा और मनोबल दोनों मजबूत होते हैं।
