Petrol Price Hike : हरियाणा के डबवाली में पेट्रोल 100 रुपये के पार, कारोबारियों ने जताई 125 रुपये तक पहुंचने की आशंका
5 साल बाद फिर लगा शतक , वाहन चालकों और आम लोगों की जेब पर बढ़ा बोझ
Petrol Price Hike : महज चार दिन में दूसरी बढ़ोतरी के बाद हरियाणा के सीमावर्ती डबवाली क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये का आंकड़ा पार कर गई है। 19 मई 2026 को सुबह 6 बजे से नई दरें लागू होने के बाद पेट्रोल 100.81 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, डीजल 93.23 से 93.26 रुपये और प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 109.62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले 10 जुलाई 2021 को डबवाली क्षेत्र में पहली बार पेट्रोल 100.06 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया था। करीब पांच वर्ष बाद पेट्रोल दोबारा 100 रुपये के पार पहुंच गया है।
125 रुपये तक पहुंच सकते हैं दाम
पेट्रोल पंप कारोबार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में पेट्रोल की कीमतें 125 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार और मौजूदा परिस्थितियों के चलते तेल कंपनियों को पेट्रोल की लागत करीब 135 रुपये प्रति लीटर पड़ रही है। घाटा बढ़ने के कारण कंपनियां डीजल और पेट्रोल की बिक्री सीमित करने तक के संकेत दे रही हैं। डबवाली पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के बॉर्डर पर स्थित है। ऐसे में यहां तेल की कीमतों का सीधा असर स्थानीय व्यापार और परिवहन पर पड़ता है। पड़ोसी राज्य पंजाब में 15 मई को हुई बढ़ोतरी के दौरान ही पेट्रोल की कीमतें 100 का आंकड़ा पार कर गई थीं।
माल ढुलाई और घरेलू बजट पर असर
कारोबारियों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से माल ढुलाई खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा असर रोजाना इस्तेमाल की वस्तुओं के दामों पर भी दिखाई देगा। पहले ही महंगाई के कारण घरेलू बजट प्रभावित है और अब पेट्रोल का 100 रुपये के पार पहुंचना आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए वाहन चालकों और आम लोगों ने सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स में कटौती की मांग की है।
