लाडवा में सरकार की योजनाओं से जनता को मिल रहा सीधा लाभ : सतबीर मंगौली
लाडवा विधानसभा के लिए नवनियुक्त बीएलए-1 सतबीर मंगौली का भाजपा मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर नवनियुक्त बीएलए-1 सतबीर मंगौली ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया और उन्हें...
लाडवा विधानसभा के लिए नवनियुक्त बीएलए-1 सतबीर मंगौली का भाजपा मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर नवनियुक्त बीएलए-1 सतबीर मंगौली ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया और उन्हें पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में भाजपा को और मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा नये लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जा सके। सतबीर मंगौली ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास योजनाओं का असर जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों से क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी इलाकों में सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। सरकार द्वारा लाडवा विधानसभा में सडक़ों के सुदृढ़ीकरण और नई संपर्क सडक़ों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में नयी पाइप लाइनें बिछाई जा रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में अनेक नयी सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के भवनों के सुधार, स्मार्ट क्लास रुम और छात्रवृत्ति योजनाओं से विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं से हजारों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है। सतबीर मंगौली ने कहा कि किसानों के लिए फसल बीमा योजना, एमएसपी पर खरीद और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है। इस अवसर पर मंडल महासचिव अनिल टाटकी, भीम बेरथला, उपाध्यक्ष रिंकू कश्यप, मेजर सिंह, नैब ईशरहेड़ी, प्रदीप बिन्ट, गुरदेव लखमड़ी, प्रिंस बेरथला के अलावा अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

