Panipat News : पनीपत में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गोली लगने से 2 बदमाश घायल और 3 गिरफ्तार
पानीपत में 1 जून की रात को एसबीआई के चीफ मैनेजर हत्याकांड में थे तीनो वांटेंड, दो आरोपी सिविल अस्पताल में भर्ती
Panipat News : पानीपत में एसबीआई के मुख्य प्रबंधक हर्षद कुमार से एक जून की रात सेक्टर 25 में लूटपाट और हत्या के मामले में बुधवार रात को पानीपत पुलिस की 2 बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके साथ ही पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में घायल 2 बदमाशों को पुलिस सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका ईलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार को दिन के समय एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर 2 और बदमाशों को रात को पुलिस पकड़ने गई थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोलियां लगी है। बता दें कि इसी माह एक जून की रात को एसबीआई के चीफ मैनेजर हर्षद कुमार पर हमला हुआ था। यह घटना पानीपत के चांदनीबाग थाना क्षेत्र में सेक्टर-25 स्थित मित्तल मॉल के पीछे हुई थी। बाइक सवार 3 बदमाशों ने उन्हें लूटा था।
बदमाशों ने उनकी सोने की चेन, अंगूठी और पर्स छीन लिया था। हमले से घायल हर्षद कुमार को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने बुधवार को दिन के समय शरद उर्फ जोगी को गिरफ्तार किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम बापौली बाइपास पर दोनों आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी सचिन व नवीन के पैर में गोली लगी है।

